सर्विलांस सेल नोएडा एवं थाना सेक्टर-49 व अन्य थाना नोएडा जोन पुलिस द्वारा गुम हुए 220 विभिन्न कंपनियों के लगभग 50 लाख रुपये कीमत के स्मार्ट फोन, CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल एवं सर्विलांस के माध्यम से खोजकर उनके मालिकों को दिए गए। गुम हुए मोबाइल पाकर पीड़ितों के चेहरे खिल उठे और सभी ने पुलिस को धन्यवाद कहा। मिशन सहयोग के तहत मोबाइल की बरामदगी की गई है। नोएडा जोन की एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गुमशुदा मोबाइल पर काम किया जा रहा था। भीड़-भाड़ वाले स्थानों, बाजारों, ऑटो, बसों, मेट्रो आदि से गुम होने वाले मोबाइल फोन की थानों पर आने वाली सूचनाओं को एकत्र किया गया। इसके बाद पुलिस की टीम ने उन मोबाइल को सर्विलांस व अन्य माध्यमों से पता करना शुरू किया। इसके बाद गुम हुए मोबाइल का इस्तेमाल करने वाले लोगों से पुलिस ने संपर्क किया और बताया कि आप दूसरे का मोबाइल इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके बाद करीब 220 ऐसे मोबाइल को पुलिस ने ढूंढ लिया। इनमें बड़ी संख्या में मोबाइल ऐसे लोगों के पास थे जिन्हें राह चलते मोबाइल फोन मिल गया था और उन्होंने सस्ते दाम पर बेच दिए थे। एडीसीपी ने बताया कि 220 मोबाइल फोन बरामद कराने में पुलिस टीम ने बेहतर काम किया।

Leave a Reply