थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के बरौला में गुरुवार को एक मकान में खाना बनाते समय गैस लीक होने के कारण पाइप में आग लग गई। आग बुझाने का प्रयास करते समय तीन युवक मामूली रूप से झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। नोएडा के बरौला में किराए के मकान में रह रहे कुछ युवक खाना बना रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस पाइप लाइन से रिसाव होने लगा और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। आग लगने पर घर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग को बुझाने की कोशिश के दौरान अनु (19) पुत्र रामवीर, शिवम (18) पुत्र दुर्गेश और शनि (26) पुत्र रामविलास मामूली रूप से झुलस गए। तीनों मूल रूप से जनपद बदायूं के निवासी हैं और वर्तमान में बरौला गांव स्थित यामाहा बिहार इलाके में किराए पर रह रहे थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि घटना गैस पाइप लाइन में लीकेज के कारण हुई। राहत की बात यह रही कि सिलेंडर नहीं फटा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि सिलेंडर में विस्फोट हो जाता तो आसपास के मकानों को भी भारी नुकसान हो सकता था। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई थी, हालांकि कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस ने मौके की जांच कर स्थिति को सामान्य बताया है। थाना सेक्टर-49 पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और गैस रिसाव के कारणों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल इलाके में स्थिति पूरी तरह सामान्य है।

Leave a Reply