DniNews.Live

नोएडा एयरपोर्ट: एक्सप्रेस वे मालवाहक वाहनों की “नो एंट्री”:अलग अलग जिलों के लिए नाम से बनी पार्किंग, वीवीआईपी, वीआईपी के लिए लगी शटल

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुभारंभ को लेकर शुक्रवार को नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेस-वे पर विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वीवीआईपी, वीआईपी और आम लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। इस दौरान नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे, यमुना एक्सप्रेस-वे और कार्यक्रम स्थल के आसपास भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहन नहीं चल सकेंगे। केवल एंबुलेंस, दमकल और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी। प्रधानमंत्री करीब 11 बजे एयरपोर्ट आएंगे। यहां पहले एयरपोर्ट का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद 12 सवा 12 बजे के आसपास जनसभा को संबोधित करेंगे। मेरठ और गाजियाबाद से आने वाले वाहनों का रास्ता
मेरठ और गाजियाबाद से आने वाले वाहन ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे से सिरसा टोल होकर दाढ़ा गोलचक्कर, सुपरटेक गोलचक्कर, नट मड़ैया, होंडा सीएल चौक और पुस्ता तिराहा होते हुए गलगोटिया विश्वविद्यालय के सामने से डबल सर्विस रोड से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। ये वाहन पार्किंग पी-7 और गाजियाबाद के वाहन पी-6 में पार्क होंगे। मथुरा और अलीगढ़ से आने वाले वाहन
मथुरा और अलीगढ़ की ओर से आने वाले वाहन यमुना एक्सप्रेस-वे से जेवर टोल पार कर जेवर कट से उतरकर सबौता अंडरपास से किशोरपुर गेट के जरिए एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश करेंगे। मथुरा के लिए पी-05 और अलीगढ़ के लिए पी-9 व पी-11 तय की गई है। हापुड़ और बुलंदशहर के लिए मार्ग
हापुड़ और बुलंदशहर से आने वाले वाहन जेवर-खुर्जा मार्ग से ग्राम थोरा से मुड़कर पारोही गेट से एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश करेंगे। हापुड़ के वाहन पी-14 और बुलंदशहर के वाहन पी-13 में पार्क किए जाएंगे।
वीवीआईपी और वीआईपी के लिए अलग व्यवस्था
अतिविशिष्ट और विशिष्ट अतिथि यमुना एक्सप्रेस-वे के 32 किमी माइलस्टोन पर बने इंटरचेंज से एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश करेंगे। इनके वाहन पी-1, पी-2 और पी-3 में पार्क होंगे, जहां से शटल बसों के जरिए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया जाएगा। मीडिया कर्मियों के लिए रास्ता
मीडिया कर्मियों के वाहन किशोरपुर गेट से प्रवेश करेंगे और अपने वाहन पी-8 पार्किंग में खड़े करेंगे। पुलिस, प्रशासन और अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी किशोरपुर गेट से प्रवेश कर पी-10 पार्किंग में वाहन खड़े करेंगे। वहीं प्रशासनिक बसें दयानतपुर मार्ग से होकर पी-15 पार्किंग तक पहुंचेंगी।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा से आने वालों के लिए मार्ग
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहन गलगोटिया कट, एक्सपोमार्ट गोलचक्कर, एनएसजी गोलचक्कर और पुस्ता तिराहा होते हुए दयानतपुर इंटरचेंज के पास बने अस्थाई गेट से प्रवेश करेंगे। इनके वाहन पी-7 में पार्क होंगे। ग्रेटर नोएडा वेस्ट और सूरजपुर से आने वाले वाहन
ग्रेटर नोएडा वेस्ट और सूरजपुर से आने वाले वाहन परीचौक, पी-3 गोलचक्कर, होंडा सीएल चौक और पुस्ता तिराहा से होकर दयानतपुर इंटरचेंज के पास बने अस्थाई गेट से प्रवेश करेंगे। इनके वाहन पी-7 पार्किंग स्थल निर्धारित है। वहीं जेवर कस्बे से आने वाले वाहन सबौता अंडरपास से किशोरपुर गेट के जरिए एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश करेंगे। इनके लिए पी-12 पार्किंग तय की गई है। दोपहिया और हल्के वाहन किशोरपुर गेट से प्रवेश कर पी-04 पार्किंग में अपने वाहन खड़े कर सकेंगे।
बाहरी जिलों के मालवाहक वाहनों के लिए डायवर्जन
कार्यक्रम के दौरान कई मार्गों पर मालवाहक वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। गोपालगढ़ से जेवर जाने वाले वाहन टप्पल की ओर भेजे जाएंगे। खुर्जा से जेवर आने वाले कमर्शियल वाहन खुर्जा से ही डायवर्ट होंगे। सिकंदराबाद और काकोड से आने वाले वाहन चचुरा नहर पुल से खैलरी की ओर भेजे जाएंगे। आगरा से आने वाले वाहन जेवर टोल से पहले यू-टर्न लेकर अलीगढ़-टप्पल मार्ग से जाएंगे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *