बिजनौर की नूरपुर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक राम अवतार सैनी ने अपने कार्यकाल के विकास कार्यों को गिनाया। उनका कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए। लेकिन नई परियोजनाओं के लिए सरकार से सहयोग नहीं मिला। दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने विधायक राम अवतार सैनी से खास बातचीत की। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: आपने अपने कार्यकाल में क्षेत्र में कौन से बड़े काम कराए?
जवाब: मैं विपक्ष का विधायक हूं, इसके बावजूद पिछले 4 साल में लगातार क्षेत्र के विकास की कोशिश की है। जितनी निधि मिली, उससे पुरानी सड़कों की मरम्मत कराई गई। लेकिन सरकार ने नई सड़कों के लिए कोई बजट नहीं दिया। गलल्ला खेड़ी के पुल को लेकर कई बार सदन में नियम 51 और 301 के तहत मुद्दा उठाया, उसका एस्टीमेट भी बन गया, लेकिन अभी तक बजट स्वीकृत नहीं हुआ।
ताजपुर, जो जिले की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत है, उसे नगर पंचायत बनाने के लिए प्रस्ताव दिया था। सरकार ने संज्ञान लिया, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ताजपुर में नाले की समस्या भी गंभीर है, बारिश में गंदगी फैलती है और बीमारियों का खतरा रहता है। सवाल: अपने कामकाज को आप 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब: नंबर देने का काम जनता का है। मैं तो 24 घंटे जनता की सेवा में लगा रहता हूं। अगर मुझे खुद देना हो तो मैं अपने काम को 10 में 10 ही दूंगा। सवाल: क्षेत्र में सबसे बड़ा काम आपने कौन सा कराया?
जवाब: नूरपुर से स्योहारा रोड का चौड़ीकरण कराया गया। इसके अलावा नूरपुर-अमरोहा रोड पर पुल का चौड़ीकरण और नया निर्माण कराया। स्योहारा में ओवरब्रिज के लिए प्रस्ताव भेजा है, वह स्वीकृत हो चुका है, लेकिन अभी बजट का इंतजार है। सवाल: ऐसा कौन सा काम है जो आप नहीं कर पाए ?
जवाब: हमारे क्षेत्र में स्वास्थ्य और शिक्षा की बड़ी कमी है। सीएचसी में डॉक्टर नहीं हैं। न कोई नया बालिका विद्यालय बना, न आईटीआई, न पॉलिटेक्निक, न इंजीनियरिंग कॉलेज। कोई बड़ा अस्पताल या पशु चिकित्सालय भी नहीं बना। सरकार इन मुद्दों पर काम नहीं कर रही है। आगे मौका मिला तो इन क्षेत्रों में काम करना प्राथमिकता होगी। सवाल: क्या 2027 के चुनाव में आप फिर टिकट के दावेदार हैं?
जवाब: यह फैसला पार्टी नेतृत्व का होता है। मैं वर्तमान विधायक हूं, इसलिए अलग से दावेदारी की जरूरत नहीं है। पार्टी जो आदेश देगी, उसका पालन करूंगा। सवाल: पीडीए और 2027 के चुनाव को लेकर क्या कहना है?
जवाब: 2024 के नतीजों से साफ है कि पीडीए का असर बढ़ रहा है। समाजवादी पार्टी लगातार मजबूत हो रही है और 2027 में इसका असर साफ दिखाई देगा।

Leave a Reply