DniNews.Live

नींव की खुदाई के दौरान बगल का मकान ढहा:प्रयागराज में 2 मजदूर मलबे में दबे, एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

प्रयागराज के साउथ मलाका में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक प्लॉट पर नींव की खुदाई के बाद पिलर बांधने का काम चल रहा था और इसी दौरान बगल के मकान का एक हिस्सा ढह गया। इसके मलबे के नीचे दो मजदूर दब गए। मौके पर पहुंची पुलिस एसडीआरएफ ने दोनों को किसी तरह निकालकर अस्पताल भेजा। इनमें से एक की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक 40 साल का विनोद कुमार पुत्र श्रीनाथ हनुमना मिर्जापुर का रहने वाला था। वह अपनी पत्नी के साथ यहां मजदूरी करने आया था। घटना के बाद मौके पर मौजूद पत्नी रन्नो फूट-फूटकर रोती रही। दोपहर तीन बजे के करीब हादसा घटना दोपहर तीन बजे के करीब हुई। साउथ मलाका में रहने वाले प्रकाश केशरवानी के एक मंजिला मकान के बगल में एक खाली प्लॉट है। इसमें नींव के लिए पिछले दिनों ही खुदाई हुई थी और अब बीम बांधने का काम चल रहा था। यहां कुल नौ मजदूर काम में लगे हुए थे। चीखते हुए भागे मजदूर कुछ मजदूर बीम बांध रहे थे जबकि अन्य दूसरे हिस्से में खुदाई कर रहे थे। अचानक प्रकाश केसरवानी के मकान का प्लॉट साइड वाला हिस्सा भरभराकर ढह गया। इसके नीचे दो मजदूर दब गए। जबकि अन्य मजदूर चीखते हुए प्लॉट से बाहर की ओर भागे। मजदूरों की चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। आसपास के लोगों ने अन्य मजदूरों के साथ मिलकर मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। तब तक पुलिस भी आ गई। पुलिसकर्मियों ने अन्य लोगों के सहयोग से दोनों मजदूरों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल भेजवाया। कुछ ही घंटों बाद इलाज के दौरान थमी सांसें साथी मजदूरों ने बताया कि घायलों में 40 वर्षीय विनोद कुमार और 30 साल का शारदा शामिल है। सभी मजदूर मप्र के हनुमना के रहने वाले हैं और आठ दिन पहले ही यहां मजदूरी करने आए थे। अस्पताल में इलाज के दौरान कुछ ही घंटों बाद विनोद की मौत हो गई। उधर शारदा की हालत गंभीर बनी हुई है। मजदूरों ने बताया कि प्लॉट किसका है और निर्माण कौन करा रहा था, इस बारे में कोई जानकारी उन्हें नहीं है। इतना बताया कि वह ठेकेदार शुभम को जानते हैं जो घटना के बाद मौके से भाग निकला। दीवार ढहने से हुआ हादसा मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि यह हादसा प्लॉट के बगल के मकान की दीवार ढहने से हुआ। दरअसल लगातार खुदाई के चलते प्लॉट के बांई ओर स्थित मकान के ग्राउंड तल की दीवार कमजोर पड़ गई थी। दोपहर में अचानक नीचे की दीवार ढह गई और इससे न सिर्फ ग्राउंड बल्कि पहली मंजिल पर बना कमरा भी ढह गया। छावनी बन गया इलाका इससे पहले घटना की सूचना मिलते ही पूरा इलाका छावनी में तब्दील कर दिया गया। मौके पर आसपास के कई थानों की फोर्स के साथ फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ को भी बुला लिया गया। मौके पर भारी फोर्स को देखकर आसपास के लोग भी सशंकित रहे। मौके पर डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य और एसीपी कोतवाली रवि कुमार गुप्ता के साथ कोतवाली, अतरसुइया, जार्जटाउन थाने की फोर्स मौजदू रही। डीसीपी सिटी ने बताया कि ठेकेदार का पता लगाया जा रहा है। अभी यह जानकारी नहीं मिल सकी है कि किसके प्लॉट में निर्माण चल रहा था। परिवारवाले जो तहरीर देंगे उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *