सहारनपुर में फेसबुक के जरिए निवेश का लालच देकर एक दुकानदार से 12.15 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित अभिषेक कुमार ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। देवबंद निवासी अभिषेक कुमार के अनुसार 30 सितंबर 2025 को उन्हें आलोक कुमार नाम के व्यक्ति का फोन आया। आरोपी ने खुद को निवेश सलाहकार बताया और फेसबुक पर ‘फाइनेंशियल प्रमोटर’ पेज के माध्यम से मोटे मुनाफे का झांसा दिया। शुरुआत में आरोपी ने छोटी रकम पर ब्याज सहित भुगतान कर अभिषेक का भरोसा जीत लिया। इसके बाद पीड़ित ने 30 सितंबर से 17 अक्टूबर 2025 के बीच सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की देवबंद शाखा से बैंक ऑफ बडोदा की विभिन्न शाखाओं में कुल 12 लाख 15 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोपी लगातार बड़े रिटर्न का लालच देकर निवेश बढ़ाने के लिए उकसाता रहा। जैसे ही बड़ी रकम ट्रांसफर हुई, आरोपी का मोबाइल नंबर बंद हो गया और वह गायब हो गया। अभिषेक ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्हें पता चला कि वे सुनियोजित साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी ने धोखाधड़ी कर उनकी मेहनत की कमाई हड़प ली। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और उसके बैंक खातों की जानकारी खंगाल रही है। अभिषेक कुमार ने पुलिस से रकम बरामद कराने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऐसे साइबर ठगों पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply