बलिया जिले के बेल्थरा रोड स्थित तुर्रतीपार पुल के समीप मधुबनी गांव में एक निर्माणाधीन पुल पर बुधवार सुबह हादसा हो गया। पिलर निर्माण के दौरान सरिया बांधते समय लोहे का ढांचा अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आकर चार मजदूर दब गए। इस घटना में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सीयर ले जाया गया था। देखिए घटना से जुड़ी 4 तस्वीरें… जानकारी के अनुसार, मजदूर पिलर के लिए सरिया बांध रहे थे, तभी असंतुलन के कारण पूरा ढांचा ढह गया। हादसे के तुरंत बाद ठेकेदारों ने जेसीबी मशीन की सहायता से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के उपरांत पप्पू (30 वर्ष) और अमित (30 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। ये दोनों मजदूर लखीमपुर जिले के धरहरा थाना क्षेत्र के खैरा पुरवा के निवासी थे। तीसरे घायल मजदूर जुगल (27 वर्ष) का उपचार चल रहा है, जो पीलीभीत जिले के मदप टांडा थाना क्षेत्र के दुबिया का निवासी है। एक अन्य मजदूर को मामूली चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह निर्माण कार्य में लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी मानी जा रही है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि पुल निर्माण में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। पुलिस इस मामले की गहन छानबीन कर रही है।

Leave a Reply