लखनऊ के नाका क्षेत्र में निर्माणाधीन गली में जबरन स्कूटी लेकर घुसने से मना करने पर स्कूटी सवार ने मुंशी और लेबर को बुरी तरह पीट दिया। आरोप है कि उसने लेबर पर स्कूटी चढ़ा दी और मुंशी के चेहरे पर वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। मामले में बुधवार शाम नाका थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मिली जानकारी के अनुसार नाका मौलवीगंज वार्ड के हाता सुलेमान स्थित गली में नगर निगम द्वारा इंटरलॉकिंग का कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के चलते बुधवार को गली को आवागमन के लिए बंद किया गया था। मड़ियांव निवासी मुंशी अबु हमजा के मुताबिक, बुधवार दोपहर स्थानीय निवासी मोहम्मद रिजवान स्कूटी लेकर गली से निकलने लगा। इस पर उनके भाई कासिम ने उसे रोका और दूसरे रास्ते से जाने को कहा। इसी बात पर रिजवान गाली-गलौज करने लगा और विरोध करने पर कासिम की पिटाई कर दी। इसके बाद भी आरोपी जबरन गली से गुजरने लगा। वहां काम कर रहे लेबर राम खेलावन ने रोकने की कोशिश की तो रिजवान ने उस पर स्कूटी चढ़ा दी। बीच-बचाव करने पहुंचे मुंशी अबु हमजा पर आरोपी ने बल्ली के खूंट से कई वार कर दिए। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर स्थानीय लोग जुटने लगे तो आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर पर नाका थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply