कुशीनगर में राज्य परियोजना समग्र शिक्षा के निपुण भारत मिशन के तहत जनपद स्तरीय निपुण सम्मान समारोह का आयोजन रवीन्द्रनगर में किया गया। इस अवसर पर निपुण घोषित किए गए विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। डीएलएड प्रशिक्षुओं ने 27 जनवरी से 14 फरवरी तक परिषदीय विद्यालयों का मूल्यांकन किया। प्रत्येक प्रशिक्षु ने प्रतिदिन दो विद्यालयों में कक्षा 1 और 2 के कुल 24 बच्चों की भाषा और गणितीय दक्षता का आकलन भारत सरकार के निपुण आकलन ऐप के माध्यम से किया। इस मूल्यांकन के आधार पर जनपद के 676 विद्यालयों को निपुण घोषित किया गया। इस उपलब्धि के साथ कुशीनगर ने प्रदेश में नौवां स्थान प्राप्त किया है। देखें, 3 तस्वीरें… समारोह की शुरुआत पीएम श्री विद्यालय कंठी छपरा विशुनपुरा की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। इस दौरान जनवरी माह में आयोजित सड़क सुरक्षा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने सभी शिक्षकों को बधाई दी और अन्य विद्यालयों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए ‘नवआरंभ’ कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया, जिसका उद्देश्य प्री-प्राइमरी में अधिक से अधिक नामांकन को बढ़ावा देना है। इस कार्यक्रम में परिवहन विभाग के आरआई आरडी प्रसाद, जिला समन्वयक प्रशिक्षण ऋषभ कुमार, एसआरजी राम प्रकाश पांडे, जिला स्काउट मास्टर नीरज बंका सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply