![]()
नारी शक्ति का अभिनन्दन:स्काउटिंग को नई ऊंचाई देने वाली महिला शिक्षाविदों का सम्मान, समाज को दिया अनुशासन का मंत्र
शहर के जिला मुख्यालय स्थित स्काउट भवन में नारी शक्ति और प्रतिभा के सम्मान का एक अनोखा संगम देखने को मिला। मौका था महिला सम्मान समारोह का, जहाँ स्काउटिंग की गतिविधियों को नई ऊंचाई देने वाली महिला प्रधानाचार्यों और मेधावी बच्चों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सम्मान के रूप में आधुनिक दौर के उपहारों के बजाय साहित्य और पर्यावरण का संदेश दिया गया। साहित्य और पर्यावरण का अनूठा संदेश समारोह में मिथलेश पांडे, मयंक शर्मा और डॉ. पंकज शुक्ल ने शिक्षा जगत की प्रमुख हस्तियों का अभिनंदन किया। यहाँ सम्मान के तौर पर डॉ. धर्मवीर भारती की कालजयी पुस्तक ‘गुनाहों का देवता’ और एक-एक जीवित पौधा भेंट किया गया। आयोजकों का मानना है कि पुस्तकें ज्ञान बढ़ाती हैं और पौधे जीवन का आधार हैं, इसलिए यह सम्मान अपने आप में खास है। ‘बच्चों के लिए स्काउटिंग हो अनिवार्य’ सम्मान पाने वाली शिक्षाविदों में डॉ. स्मित तिवारी, श्रीमती रामरानी पालीवाल, सविता यादव और जयश्री मठपाल शामिल रहीं। इन सभी ने अपने संबोधन में एक सुर में कहा कि आज के दौर में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए ‘स्काउटिंग’ बेहद जरूरी है। उन्होंने सरकार और स्कूलों से अपील की कि इसे हर बच्चे के लिए अनिवार्य किया जाना चाहिए ताकि उनमें अनुशासन और सेवा भावना पैदा हो सके। ऑपरेशन सिंदूर और अन्य प्रतियोगिताओं के विजेता हुए पुरस्कृत: जिला सचिव सर्वेश तिवारी ने साल भर की गतिविधियों का ब्यौरा देते हुए बताया कि, स्काउट भवन में न केवल बड़ों, बल्कि बच्चों के उत्साह का भी पूरा ध्यान रखा गया। ‘ऑपरेशन सिंदूर’, विश्व पर्यावरण दिवस, स्वामी विवेकानंद जयंती और मतदाता जागरूकता जैसे कार्यक्रमों में शानदार प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मोमेंटो देकर पुरस्कृत किया गया। साथ ही, समाचार पत्रों पर आधारित लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं की प्रतिभा को भी सराहा गया। सालाना कैलेंडर और स्काउट प्रार्थना से गूंजा हॉल कार्यक्रम का आगाज स्काउट प्रार्थना के साथ हुआ, जिससे पूरे वातावरण में अनुशासन और पवित्रता घुल गई। समारोह के अंत में आए हुए सभी बच्चों को स्काउट गाइड का वार्षिक कैलेंडर उपहार स्वरूप दिया गया। इस खास मौके पर अल्का द्विवेदी, प्रीती तिवारी, नीता त्रिपाठी, कौशल राय, ऋषिका मिश्रा, ज्योति यादव और डॉ. प्रवीण कुमार झा समेत कई विद्यालयों के प्रभारी और अभिभावक मौजूद रहे।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply