DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

नारायणपुर में खाटू श्याम की निशान शोभा यात्रा निकली:भक्तों ने फूलों की होली खेली, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

नारायणपुर में शनिवार को श्री श्याम फाल्गुनोत्सव के अवसर पर खाटू वाले श्याम की निशान शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान भक्तों ने गाजे-बाजे के साथ फूलों की होली खेली। राजस्थानी परंपरा के अनुसार महिलाएं मंगलगीत गाते हुए चल रही थीं, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा में एक आकर्षक रथ पर खाटू श्याम बाबा को स्थापित किया गया था। रथ के पीछे श्याम बाबा की मनोहारी झांकी थी, जिसके साथ गाजे-बाजे भी चल रहे थे। श्रद्धालु अपने हाथों में रंग-बिरंगे निशान लेकर चल रहे थे। जिस भी मार्ग से शोभायात्रा गुजरी, वहां दर्शन करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी और लोगों ने पुष्प वर्षा की। श्री कृष्ण विवाह भवन बलाहा से निकली इस निशान शोभायात्रा का उद्घाटन नारायणपुर उप प्रमुख अशोक यादव, प्रमुख प्रतिनिधि मंटू यादव (बाबा), व्यवसायी गोपाल मिश्र और निर्मल जैन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। संजू बाबा ने फूलों से स्वागत किया। यह यात्रा श्री कृष्णा विवाह भवन बलाहा से मधुरापुर बाजार के विभिन्न मार्गों से होते हुए बलहा बजरंग बली मंदिर पहुंची। वहां से पदयात्रा करते हुए खाटू श्याम के जयकारे लगाते हुए मारवाड़ी ठाकुरवादी बलहा में समाप्त हुई। शोभायात्रा देखने के लिए भक्तों की ऐसी भीड़ उमड़ी कि नारायणपुर प्रखंड वृंदावन जैसा प्रतीत हो रहा था। इस अवसर पर श्री कृष्ण विवाह भवन में विशेष पूजा-अर्चना की गई। प्रयागराज की गायिका रोमा निषाद और गायक हेमंत बृजभाषी ने “लाख मागू न करोड़ मागू, तुझसे सांवरिया सिर्फ प्यार मागू” और “दीदार तेरा हो जाए, तो बेड़ा पार लग जाए” जैसे कई मनमोहक भजन प्रस्तुत किए, जिन पर भक्त झूमते हुए दिखे। महोत्सव के दौरान खाटू वाले श्याम का आकर्षक दरबार सजाया गया और उनके जयकारे लगाए गए। श्री श्याम निशान शोभायात्रा में भक्तों के लिए कोल्डड्रिंक और पानी की व्यवस्था की गई थी। श्री कृष्णा विवाह भवन में भंडारे का आयोजन भी किया गया। इस आयोजन में विभिन्न समुदायों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कई लोगों को खाटू श्याम की तस्वीर देकर सम्मानित किया गया।


https://ift.tt/Hb4Q5im

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *