महिंगवां थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से गैंगरेप करने वाले दो युवकों को पुलिस ने मंगलवार रात की वारदात के महज 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों ने तमंचा दिखाकर पीड़िता को जबरन गाड़ी में बिठाया और सुनसान जगह ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया था। यह घटना मंगलवार रात की है, जब गांव की नाबालिग किशोरी घर से बाहर निकली थी। रास्ते में आरोपी बृजेश पाल और लवकुश उसे मिले। एक आरोपी ने तमंचा तान दिया, जबकि दूसरे ने उसे घसीटकर गाड़ी में खींच लिया। इसके बाद वे पीड़िता को एक सुनसान इलाके में ले गए, जहां दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने विरोध किया, तो आरोपियों ने असलहा लहराकर उसे जान से मारने की धमकी दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वे पीड़िता को गांव के बाहर सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह घर लौटी बेटी ने अपनी मां को पूरी घटना बताई। मां ने तत्काल महिंगवां थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर रामकुमार गुप्ता ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर तुरंत छापेमारी शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कुम्भराव से इटौंजा की ओर जा रहे दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में उन्होंने वारदात कबूल कर ली। अब दोनों आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply