चित्रकूट पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने, फर्जी आधार कार्ड का उपयोग कर होटल में ठहराने और नशीली दवा खिलाकर दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा। कोतवाली कर्वी क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी नाबालिग बेटी को विद्यासागर पुत्र कुंजबिहारी बहला-फुसलाकर ले गया है। इस सूचना के आधार पर कोतवाली कर्वी में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं। जांच में सामने आया कि आरोपी ने नाबालिग को नशीली दवा खिलाकर दुष्कर्म किया और पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल किया था। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 और फर्जी दस्तावेज के इस्तेमाल से संबंधित धाराएं भी जोड़ दीं। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक सत्यपाल सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक नगर अरविंद कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में कोतवाली कर्वी पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश तेज की। शनिवार 21 मार्च 2026 को अपराध निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने अपनी टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर आरोपी विद्यासागर पुत्र कुंजबिहारी शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और नाबालिग से जुड़े इस संवेदनशील प्रकरण में साक्ष्यों के आधार पर मजबूत पैरवी की तैयारी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में अपराध निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला, आरक्षी जयनारायण पटेरिया और आरक्षी राहुल देव शामिल रहे।

Leave a Reply