गाजीपुर जिले के कासिमाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद नाबालिग से दुष्कर्म के वांछित आरोपी कौशल गौड़ को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध देशी तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, कासिमाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक राजनारायण अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दुष्कर्म का फरार आरोपी कौशल गौड़ टोडार मोड़, मऊ-कासिमाबाद मार्ग पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी कौशल गौड़ ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कौशल गौड़ (21 वर्ष), पुत्र विनय गौड़, निवासी ग्राम सिधउत, थाना कासिमाबाद, जनपद गाजीपुर का रहने वाला है। वह नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित था। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 333, 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) के तहत मुकदमा दर्ज है। मुठभेड़ के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध .315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी का आपराधिक इतिहास इस प्रकार है: मु0अ0सं0 99/2026 (दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट संबंधित धाराएं) और मु0अ0सं0 100/2026 (आर्म्स एक्ट व अन्य धाराएं)।

Leave a Reply