खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र के सोंडीहा गांव में एक नवविवाहिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को कोरचक्का गंगा घाट से महिला का शव बरामद किया। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मृतका की मां रेखा देवी ने पसराहा थाने में आवेदन देकर गांव के पांच लोगों पर अपनी बेटी की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी पिंकी कुमारी (स्वर्गीय विजय शर्मा की पुत्री, सुरहा, भागलपुर) की शादी दो साल पहले सोंडीहा निवासी लड्डू शर्मा से हुई थी। रेखा देवी के अनुसार, बीते शनिवार दोपहर उनकी बेटी पिंकी ने उन्हें फोन कर बताया था कि गांव के उमेश तांती, रणविजय तांती, आयुष कुमार, कृष्णा देवी और पिंटू तांती उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और उसकी हत्या कर सकते हैं। अगले दिन सोंडीहा पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उनकी बेटी की हत्या कर शव गायब कर दिया गया है। मृतका का पति प्रदेश में रहकर काम करता है। घटना की सूचना मिलते ही पसराहा थाना प्रभारी नवीन कुमार सोमवार को दल-बल के साथ सोंडीहा पहुंचे। पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया। उनसे पूछताछ के बाद कोरचक्का गंगा घाट से शव बरामद किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सोंडीहा निवासी उमेश तांती उर्फ झरिया और सतीशनगर निवासी लालो शर्मा के रूप में हुई है। थाना प्रभारी नवीन कुमार ने सोमवार शाम बताया कि रेखा देवी के आवेदन पर पसराहा कांड संख्या 256/25 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। हत्या के सही कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
https://ift.tt/Rh0Ij42
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply