DniNews.Live

नवरात्र मेले में ड्यूटी के दौरान उपनिरीक्षक की तबीयत बिगड़ी:विंध्याचल धाम में ड्यूटी के दौरान बढ़ा ब्लड प्रेशर, हार्ट अटैक की आशंका

विंध्याचल धाम में चैत्र नवरात्र मेले के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक उपनिरीक्षक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आजमगढ़ के देवगांव थाने में तैनात उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद रत्नाकर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक रत्नाकर विंध्याचल क्षेत्र के जैपुरिया गेट के पास ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान उनका ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ गया। उन्हें तेज घबराहट महसूस होने लगी। कुछ ही देर में उनकी हालत गंभीर हो गई। जिससे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया।
वहीं मौके पर मौजूद अधिकारियों में अजय कुमार ने जवानों के साथ मिलकर उन्हें तत्काल वाहन तक पहुंचाया। इसके बाद एम्बुलेंस से उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद हार्ट अटैक की आशंका जताई है। हालांकि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल उनका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है। नवरात्र मेले में भारी भीड़ और लगातार ड्यूटी के चलते पुलिसकर्मियों पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है। इस घटना के बाद प्रशासन ने ड्यूटी पर तैनात जवानों के स्वास्थ्य को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच व पर्याप्त विश्राम लेने की सलाह दी है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *