DniNews.Live

नवरात्र नवमी पर देवी मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़:देवरिया में हवन-पूजन और कन्या पूजन से गूंजे परिसर

देवरिया में चैत्र नवरात्र की नवमी तिथि पर शुक्रवार को देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालु माता रानी के दर्शन और विधि-विधान से पूजन-अर्चन के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर ‘जय माता दी’ और ‘जय मां दुर्गे’ के जयकारों से गूंज उठे। कई श्रद्धालुओं ने नवमी का व्रत रखकर विशेष पूजा-अर्चना की। अनेक स्थानों पर हवन-पूजन और कन्या पूजन का भी आयोजन किया गया। शहर के प्रमुख देवरही मंदिर में सुबह करीब चार बजे से ही लंबी कतारें लग गईं। राघवनगर दुर्गा मंदिर, रामगुलाम टोला काली मंदिर, देवरिया खास काली मंदिर और लाहिलपार दुर्गा मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। ग्रामीण क्षेत्रों में तरकुलहा देवी, रमन छपरा दुर्गा मंदिर, अहिलवार दुर्गा मंदिर और नगरवा धूस मंदिर पर भी भक्तों की भारी उपस्थिति दर्ज की गई। मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रद्धालुओं ने पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। नवरात्र के अवसर पर कई स्थानों पर एक दिवसीय मेले भी लगे। इन मेलों में खिलौने, श्रृंगार सामग्री और खानपान की दुकानों पर भीड़ देखी गई, जहां श्रद्धालुओं ने खरीदारी की। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसरों और प्रमुख स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरे दिन व्यवस्था सुचारु बनी रही।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *