हरदोई में नवरात्र के सातवें दिन बुधवार को मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर जिलेभर के मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने घंटों की गूंज के बीच अपनी मनोकामनाएं मांगीं। शहर, कस्बों और गांवों में स्थित मंदिरों में भक्त मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा कर रहे हैं। बुधवार को मां कालरात्रि की पूजा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचे और प्रसाद चढ़ाकर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। शहर के सीतापुर रोड स्थित मां काली मंदिर में महिलाओं ने ढोलक की थाप पर भजन गाकर मां दुर्गा के स्वरूपों का गुणगान किया। इस दौरान पुरुषों और बच्चों ने भी मां के सामने शीश झुकाकर आशीर्वाद मांगा।
मां काली मंदिर के पुजारी दीपू ने बताया कि मां कालरात्रि को शुभंकरी भी कहा जाता है। उनके तीन नेत्र और चार भुजाएं हैं। मां कालरात्रि की पूजा के दौरान बैंगनी या गहरा रंग पहनना शुभ माना जाता है, और उन्हें प्रसन्न करने के लिए गुड़ का भोग लगाया जाता है। शहर के मां काली मंदिर के अलावा श्रवण देवी मंदिर, राम जानकी मंदिर, शिव भोले मंदिर, माता संतोषी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी भक्तों ने पूजा-अर्चना कर मां से दुखों को हरने की याचना की। हरपालपुर, सांडी, गोपामऊ, बिलग्राम, माधौगंज, संडीला, शाहाबाद, अतरौली पिहानी, कछौना जैसे हरदोई के विभिन्न क्षेत्रों में भी भक्त पूरे हर्षोल्लास के साथ नवरात्र के व्रत रखकर मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा कर रहे हैं।

Leave a Reply