DniNews.Live

नगर पालिका सभासद-जिम संचालक के बीच गाना बजाने पर मारपीट:पीलीभीत में एक-दूसरे पर हमले का आरोप लगाया, 3 घायल; केस दर्ज

पीलीभीत जनपद के थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम ललौरीखेड़ा में जिम में संगीत बजाने को लेकर हुआ विवाद अब गंभीर रूप ले चुका है। इस मामले में पहले नगर पालिका परिषद के सभासद ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद अब जिम संचालक पक्ष ने भी सभासद पर जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। दूसरे पक्ष की ओर से मनोज कुमार (पुत्र महेन्द्र कुमार) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भाई सोनू की ‘फिटनेस जोन’ नाम से जिम है। मनोज का आरोप है कि शनिवार दोपहर करीब 2 बजे सभासद चैतन्य गंगवार ने जिम में घुसकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। मनोज के अनुसार, उसी दिन शाम करीब 5 बजे जब उनके भाई सोनू जिम खोलने पहुँचे, तो वहाँ पहले से ही चैतन्य गंगवार अपने सात अज्ञात साथियों के साथ अवैध तमंचों से लैस होकर मौजूद थे। जैसे ही सोनू वहाँ पहुँचा, आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए मनोज और उनके बड़े भाई प्रदीप कुमार को भी तमंचे की बट, लात और घूसों से बुरी तरह पीटा गया, जिससे तीनों भाइयों को गंभीर चोटें आई हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में नगर पालिका सभासद चैतन्य गंगवार के हाथ में तमंचा साफ नजर आ रहा है। जिम संचालक पक्ष का आरोप है कि सभासद दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उसने खुलेआम जान से मारने की धमकी दी है। इस वीडियो के सामने आने के बाद सभासद द्वारा पहले लगाए गए आरोपों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। एक ही घटना में दो अलग-अलग दावे सामने आने के बाद पुलिस सतर्कता बरत रही है। जहानाबाद थाना अध्यक्ष प्रदीप कुमार बिश्नोई ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों को संज्ञान में लिया गया है। उन्होंने पुष्टि की कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है और मामले की विस्तृत जाँच जारी है। थाना अध्यक्ष ने आगे कहा कि मारपीट का वीडियो पुलिस के पास उपलब्ध है और उसकी वैज्ञानिक जांच कराई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमले की शुरुआत किसने की और वीडियो में दिख रहा असलहा किसका है। फिलहाल गाँव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं सभासद की शिकायत पर पुलिस ने घटना को लेकर मुकदमा भी दर्ज किया है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *