मुजफ्फरनगर सदर से तीन बार विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल का कहना है कि मेरे कार्यकाल में नगर पालिका का विस्तार कर 13 गांवों को जोड़ा गया, जो क्षेत्र का सबसे बड़ा बदलाव है। उनका कहना है कि जनता के बीच उपलब्ध रहना ही मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता रही है। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में विधायक ने बेबाकी से सवालों के जवाब दिए। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: मुजफ्फरनगर विधानसभा सदर में आपने अब तक सबसे बड़ा काम कौन सा कराया है?
जवाब: सबसे बड़ा काम नगर पालिका का सीमा विस्तार है। 13 गांवों को इसमें जोड़ा गया, जिससे यह प्रदेश की सबसे बड़ी नगर पालिका बन गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों को भी शहरी सुविधाएं मिलने लगी हैं और लोगों में शहर का हिस्सा होने का भाव पैदा हुआ है। इसके अलावा भी कई काम हुए हैं, लेकिन यह बदलाव सबसे अहम है। सवाल: पिछले चार साल में अपने कामकाज को 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब: अपना मूल्यांकन खुद करना ठीक नहीं होता। 10 में 10 कहना भी उचित नहीं और कम कहना भी ठीक नहीं लगेगा। सबसे बड़ी बात यह है कि मैं जनता के बीच हमेशा उपलब्ध रहता हूं। सरकारी योजनाओं के तहत जितना संभव होता है, उतना काम कराया जाता है, लेकिन एक जनप्रतिनिधि के रूप में लोगों की भावनाओं के अनुरूप उनके बीच रहना और उनकी समस्याओं का समाधान करना मेरी प्राथमिकता रही है। सवाल: ऐसा कौन सा काम है, जो अभी तक पूरा नहीं हो पाया?
जवाब: शहर की जेल को बाहर शिफ्ट करना एक बड़ा काम है, क्योंकि अभी यह बहुत भीड़भाड़ वाले इलाके में है और करीब ढाई हजार कैदी वहां रहते हैं। इसके अलावा रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण भी अभी शुरू नहीं हो पाया है, हालांकि इसकी स्वीकृति मिल चुकी है। इन दोनों कामों को पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा हूं। सवाल: क्या इस बार आप टिकट के दावेदार हैं?
जवाब: राजनीति में हैं तो टिकट के लिए हमेशा तैयार रहते हैं और रहना भी चाहिए। सवाल: क्या इस बार आपको टिकट मिलेगा?
जवाब: यह मेरा विषय नहीं है, यह निर्णय पार्टी नेतृत्व द्वारा लिया जाता है।

Leave a Reply