नगर पंचायत रनिया में नव-मनोनीत सभासदों ने ली शपथ:कानपुर देहात में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने विकास का संकल्प दिलाया
![]()
नगर पंचायत रनिया में नव-मनोनीत सभासदों ने ली शपथ:कानपुर देहात में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने विकास का संकल्प दिलाया
कानपुर देहात के अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित नगर पंचायत रनिया में नव-मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह नगर पंचायत कार्यालय में संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह में सदर विधायक एवं राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, उपजिलाधिकारी अकबरपुर सुरभि शर्मा और नगर पंचायत अध्यक्ष बिटान दिवाकर प्रमुख रूप से मौजूद थे। शासन द्वारा मनोनीत सभासदों उमा द्विवेदी, नितिन कुशवाहा और पंकज पासवान ने विधिवत पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिक भी उपस्थित रहे। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने नव-नियुक्त सभासदों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। शपथ ग्रहण के बाद, सभी सभासदों ने नगर पंचायत रनिया के सर्वांगीण विकास का संकल्प लिया। उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता भी जताई। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने जोर दिया कि सरकार की प्राथमिकता योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने नव-नियुक्त सभासदों से अपेक्षा की कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। ये रहे मौजूद इस अवसर पर ईओ मनीष राय के साथ अनिल भदौरिया, अरुण शर्मा, गुड्डू कुशवाहा, दयालु गुप्ता, मनमोहन सिंह, रोहित कुशवाहा, प्रमेश मिश्रा, रामजी मिश्रा, शिवराज सिंह, दुष्यंत शुक्ला, आकाश मिश्रा, रेनू द्विवेदी, वीना तिवारी, गीता कमल, विराट त्रिवेदी, निक्कू तिवारी, मनीष कमल, मतलूम अली और राजेन्द्र कश्यप उपस्थित थे।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
