बक्सर में नए साल के पहले दिन सड़क हादसों में 20 से अधिक लोग घायल हो गए। इन घायलों को बक्सर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शाम से देर रात तक मरीजों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। अस्पताल परिसर में घायलों और उनके परिजनों की भीड़ देखी गई। घायलों में अधिकांश लोग उत्तर प्रदेश से नए साल का जश्न मनाकर बक्सर लौट रहे थे। तेज रफ्तार, लापरवाही और नशे की हालत में वाहन चलाने के कारण ये हादसे हुए। दुर्घटनाओं में बाइक सवार सबसे अधिक प्रभावित हुए, जबकि कुछ लोग अन्य वाहनों की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए। 12 लोगों को हायर सेंटर किया रेफर सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में घायलों की संख्या बढ़ने से भीड़ उमड़ पड़ी। गंभीर रूप से घायल 12 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। शेष घायलों को सदर अस्पताल में ही भर्ती कर उनका इलाज किया गया। जश्न के बाद दुर्घटना के मामले बढ़े इस संबंध में सदर अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सौरभ राय ने बताया कि नए साल के जश्न के बाद दुर्घटना के मामले अचानक बढ़ गए। उन्होंने जानकारी दी कि दोपहर करीब दो बजे से रात दस बजे तक 20 से अधिक घायल अस्पताल पहुंचे। इनमें अधिकतर मामले सड़क दुर्घटनाओं और मारपीट से संबंधित थे। बक्सर जिला उत्तर प्रदेश की सीमा से सटा हुआ है। बड़ी संख्या में लोग यूपी में स्थित धार्मिक स्थलों पर दर्शन के लिए जाते हैं। इसके अतिरिक्त, बिहार में शराबबंदी के कारण नए साल का जश्न मनाने के लिए भी लोग अक्सर यूपी के इलाकों को प्राथमिकता देते हैं, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में आवाजाही बढ़ जाती है।
https://ift.tt/r5sJe3H
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply