हरदोई में बिजली चोरी रोकने के लिए विद्युत विभाग ने सघन अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में अनंगपुर उपकेंद्र के अंतर्गत धानू नगला गांव में छापेमारी की गई। इस दौरान अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए गए छह लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अवर अभियंता भैयालाल पाल के नेतृत्व में विभागीय टीम ने गांव पहुंचकर मीटर और कनेक्शनों की गहन जांच की। जांच में धीरेन्द्र, वीरपाल, मोहित शुक्ला, उमेश, राजकुमार और प्रदीप अवैध रूप से कटिया डालकर या बिना वैध कनेक्शन के बिजली का उपयोग करते पाए गए। टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। अवर अभियंता भैयालाल पाल ने बताया कि बिजली चोरी से विभाग को आर्थिक नुकसान होता है, जिसका अतिरिक्त भार ईमानदारी से बिल भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं पर पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में यह अभियान लगातार जारी रहेगा और भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण किए जाएंगे। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें। यदि कोई व्यक्ति बिजली चोरी करते पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply