धर्मांतरण प्रार्थना सभा पर पुलिस का छापा:बजरंग दल की सूचना पर सात लोग हिरासत में, सामग्री बरामद
![]()
धर्मांतरण प्रार्थना सभा पर पुलिस का छापा:बजरंग दल की सूचना पर सात लोग हिरासत में, सामग्री बरामद
सांडी क्षेत्र में रविवार को एक घर में चल रही ईसाई धर्म की प्रार्थना सभा पर पुलिस ने छापा मारा। बजरंग दल की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में सात लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मौके से पूजा से संबंधित सामग्री भी बरामद की है और मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कस्बे के मोहल्ला मुंशीगंज निवासी बजरंग दल के प्रखंड संयोजक वैभव शुक्ला ने पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उन्हें गांव सखेड़ा के मजरा भाऊपुरवा में लालसिंह उर्फ लालू के घर पर प्रार्थना सभा के माध्यम से धर्मांतरण के प्रयास की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर वैभव शुक्ला अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस के पहुंचने पर मुख्य आरोपित लालसिंह उर्फ लालू सहित सात लोगों को हिरासत में लिया गया। हिरासत में लिए गए लोगों में कन्नौज के जखहिया निवासी रामसजीवन और उनकी पत्नी मैका देवी, सुरसा थाना क्षेत्र के सेमरा चौराहा निवासी रेखा, उसका पुत्र सर्वजीत और भांजा श्रीकृष्ण, तथा हरपालपुर के मखाईपुरवा निवासी सोनू शामिल हैं। एसएचओ बसंतराम ने बताया कि मौके से चुनरी, मोमबत्ती और प्रसाद बरामद हुआ है। सभी आरोपितों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि इसी मामले में बीते वर्ष सितंबर में भी कार्रवाई हो चुकी है। जिला प्रशासन के निर्देश पर एलआईयू (स्थानीय खुफिया इकाई) भी इस मामले की निगरानी में सक्रिय है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
