DniNews.Live

दो बाइकों की टक्कर में युवक की मौत, 2 घायल:बरेली के सिरौली-अलीगंज मार्ग पर हुआ हादसा, अस्पताल में भर्ती

बरेली में ईद के दिन सिरौली-अलीगंज मार्ग पर हुए सड़क हादसे में एक 20 वर्षीय बुलेट सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दुर्घटना में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा शनिवार सुबह उमंग पेट्रोल पंप के पास हुआ। तेज रफ्तार बुलेट बाइक ने आगे चल रही दूसरी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गईं, जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान 20 वर्षीय गुलफाम की मौत हो गई। अन्य दो घायलों का इलाज जारी है। परिजनों ने बताया कि खैलम देहजागीर निवासी गुलफाम अपने साथी नूर हसन अंसारी (18) के साथ ईद की नमाज अदा करने के बाद अलीगंज की ओर जा रहा था। इसी दौरान यह दुर्घटना हुई। दूसरी बाइक पर सवार भूपेंद्र भी वजीरगंज की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुलेट सवार युवक तेज रफ्तार में थे और उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। हादसे से पहले उनकी बाइक एक ऑटो से टकराने से बाल-बाल बची थी, लेकिन नियंत्रण खोने के बाद वह आगे चल रही बाइक से जा टकराई। गुलफाम अपने छह भाइयों में पांचवें नंबर पर था और अलीगंज में एक फर्नीचर की दुकान पर काम करता था। उसके पिता अबरार दिल्ली में मसालों का कारोबार करते हैं। थाना प्रभारी जगत सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *