दो बाइकों की टक्कर में महिला गंभीर, हैलट रेफर:अंत्येष्टि में जा रहा परिवार हादसे का शिकार, आरोपी बाइक सवार फरार
![]()
दो बाइकों की टक्कर में महिला गंभीर, हैलट रेफर:अंत्येष्टि में जा रहा परिवार हादसे का शिकार, आरोपी बाइक सवार फरार
कानपुर। घाटमपुर क्षेत्र में सोमवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि अन्य लोग भी चोटिल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, रेउना थाना क्षेत्र के शाखा जनवारा के पास रंजीतपुर गांव निवासी अंजू देवी (50) अपने बेटे जगभान सिंह (25) और अर्जुन सिंह के साथ बाइक से मजनूपुर गांव जा रही थीं। बताया जा रहा है कि तीनों परिवार के एक सदस्य की अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए निकले थे। तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर जैसे ही उनकी बाइक शाखा जनवारा के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया। हालत गंभीर, हैलट भेजा गया स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायलों को तुरंत घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने अंजू देवी की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है। रेउना थाना प्रभारी अनुज राजपूत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायलों को अस्पताल भिजवाया गया है और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
