कन्नौज में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। योजना का लाभ लेने के लिए दो बच्चों का बाप अपनी मौसेरी बहन को दुल्हन बनाकर मंडप में पहुंच गया। हालांकि, फेरे होने से पहले ही अधिकारियों को इसकी भनक लग गई, जिसके बाद दूल्हा मौके से फरार हो गया। यह घटना कन्नौज शहर के पीएसएम पीजी कॉलेज में हुई, जहां दो दिन पहले समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण की मौजूदगी में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। नीतू कुमार के नाम से शादी के लिए आवेदन किया गया था और दुल्हन भी कार्यक्रम में पहुंची थी।
दूल्हा और दुल्हन मंडप में बैठे फेरों का इंतजार कर रहे थे, तभी किसी ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आरके चौधरी से फर्जीवाड़े की शिकायत कर दी। शिकायत मिलते ही सीडीओ मंडप के पास पहुंचे और दूल्हे से पूछताछ शुरू की। पकड़े जाने के डर से दूल्हा तुरंत वहां से भाग निकला। जांच में सामने आया कि आवेदन में दूल्हे का नाम नीतू कुमार लिखा था, जो तिर्वा के अंबेडकर नगर मोहल्ले का निवासी है। वह पहले से ही शादीशुदा है और अपनी पत्नी तथा दो बच्चों के साथ रहता है। इस पूरे प्रकरण में जिलाधिकारी (डीएम) आवास के सफाई कर्मी की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। सामूहिक विवाह योजना के आवेदन में दूल्हे के मोबाइल नंबर की जगह वेदप्रकाश नामक व्यक्ति का नंबर दर्ज था, जो डीएम आवास पर सफाई कर्मी है। सूत्रों के अनुसार, कर्मचारियों से सांठगांठ कर शादी में मिलने वाली रकम को हड़पने का प्रयास किया गया था। मामले के सामने आने के बाद अधिकारियों ने जांच की बात कही है। समाज कल्याण अधिकारी वेद प्रकाश से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह अपने कार्यालय में नहीं मिले और न ही उन्होंने कॉल रिसीव की।
नीतू कुमार के शादी आवेदन में जो मोबाइल नम्बर दर्ज था, उस पर किसी महिला ने कॉल रिसीव की, जिसने खुद को सफाई कर्मी वेदप्रकाश की पत्नी बताया। महिला ने कहाकि नीतू कुमार से हमारी रिश्तेदारी है। वह फोन नहीं रखता, इसलिए मेरा नम्बर डलवा दिया गया। जब महिला से पूछा कि नीतू की पत्नी और दो बच्चे हैं, फिर शादी का आवेदन क्यों किया? इस महिला ने बताया कि वो शराबी टाइप का है। वो लव मैरिज करना चाह रहा था, लेकिन शादी हो नहीं पाई। तिर्वा के अंबेडकर नगर मोहल्ला स्थित नीतू कुमार के घर पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। पड़ोसियों ने बताया कि वह लोग कहीं बाहर गए हैं। अक्सर उसके घर ताला ही लगा रहता है।

Leave a Reply