यूपी के बरेली में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के अशोक विहार (संजय नगर) निवासी 17 वर्षीय शिवा पटेल, जो इंटर का छात्र था, उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे जब शिवा अपने घर पर खाना खा रहा था, तभी उसके दोस्त उसे बुलाकर साथ ले गए। घर से मात्र 400 मीटर की दूरी पर चार खंबा इलाके में मामूली कहासुनी के बाद दोस्तों ने खूनी खेल खेला। “तू ज्यादा बोलता है” और चलने लगे चाकू मृतक के भाई हिमांशु पटेल ने बताया कि शिवा को घायल अवस्था में उसके साथियों ने ही अस्पताल में भर्ती कराया था। मौत से पहले दिए अपने बयान में शिवा ने पूरी दास्तां बताई। बातचीत के दौरान आरोपी गौरव ने शिवा पर तंज कसते हुए कहा, “तू ज्यादा बोलता है।” जब शिवा ने इसका विरोध करते हुए कहा कि वह तो बस पढ़ाई करता है, तभी आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। पकड़े हाथ और सीने पर किए ताबड़तोड़ वार वारदात के दौरान रचित और पारस नाम के युवकों ने शिवा को मजबूती से पकड़ लिया, जबकि गौरव ने चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया। हमलावरों ने छात्र के पेट, सीने और पीठ पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। शनिवार सुबह इलाज के दौरान शिवा ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस अब करीब एक दर्जन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply