लखनऊ में टाइल्स कारीगर को दोस्तों ने मारने के बाद उसकी गर्दन से मांस निकाल लिया था। उसे शराब पार्टी के लिए बुलाया था। सबने जमीन पर पड़ी ईंटों पर बैठकर पार्टी की। जब युवक नशे में हो गया तो उसे दोस्तों ने मौत के घाट उतार दिया। उसकी गर्दन से किसी हथियार से मांस निकाल लिया। घटना चिनहट थानाक्षेत्र की मंगलवार रात की है। मृतक की पहचान चिनहट के कल्याणी बिहार कॉलोनी के रितेश सिंह के रूप में हुई थी। मां ने घटनास्थल पर रोते हुए बताया था- रितेश बिना बताए घूमने निकला था। अंतिम बार उसने फोन पर बात की थी। कहा था- निशातगंज में हूं। इसके बाद कॉल काट दिया। इस रिपोर्ट में पढ़िए हत्या में पुलिस की इन्वेस्टिगेशन कहां तक पहुंची, युवक की डेडबॉडी पर कौन-से निशान थे, उस पर कैसा मुकदमा था और परिजनों का क्या कहना है… अब पूरा मामला पढ़िए- चिनहट के कल्याणी बिहार कॉलोनी के रहने वाला रितेश सिंह टाइल्स कारीगर था। मंगलवार शाम को वह घर से बिना बताए अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था। चिनहट के हरदासीखेड़ा स्थित मैदान में स्थानीय लोगों ने उसे घायल अवस्था में पड़ा देखा। रितेश के गले पर गहरा घाव था और खून निकल रहा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस की मदद से रितेश को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने उसके दोस्त प्रियांशु के खिलाफ हत्या की शिकायत दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चोट के निशान मिले पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में रितेश की डेडबॉडी पर कई चोट के निशान मिले हैं। युवक को पहले पीटा गया। उसके बाद हत्या कर दी गई। पुलिस की तीन टीमें नामजद आरोपी दोस्त प्रियांशु की तलाश में लगी हैं। वहीं, दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पुलिस हर एंगल पर जांच-पूछताछ कर रही है। रितेश के गले में काफी गहरे जख्म थे। गले का आधा हिस्सा कट चुका था, जो गायब भी था। ऐसा लग रहा था कि चापड़ जैसे धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया हो। गले पर कई बार वार किया गया। इस दौरान उसके गले से ज्यादातर मांस निकल गया। ज्यादा खून भी बहा। परिजन बोले- साजिश कर हत्या की गई परिजनों का कहना है कि कोई एक आदमी रितेश को कंट्रोल नहीं कर सकता। आरोपियों ने योजना के तहत बुलाया है। शराब पिलाई फिर दो ने हाथ पकड़े और एक ने गला रेत दिया। घटना के बाद रितेश का मोबाइल फोन भी नहीं मिला। घटनास्थल पड़े ईटों और सबूत से पता चल रहा है कि हत्यारे दो से तीन थे। सभी ने ईंट पर बैठकर शराब पी। इसके बाद उन्होंने रितेश से विवाद शुरू किया। हाथापाई होने पर उसी समय धारदार हथियार से रितेश का गला रेत दिया गया। वाहन चोरी मामले में जेल गया था रितेश रितेश के खिलाफ वाहन चोरी और मारपीट समेत करीब छह मुकदमे दर्ज हैं। वह वाहन चोरी में करीब डेढ़ साल पहले जेल गया था। करीब दो से तीन महीने जेल में भी रहा था। उसके और प्रियांशु के पास से चोरी की बाइक भी बरामद हुई थी। इस पर रितेश के मामा ने बताया कि बाइक प्रियांशु के दोस्तों ने चोरी की थी। रितेश को इसकी जानकारी नहीं थी। वह उस पर बैठकर सिर्फ प्रियांशु के साथ जा रहा था। इस दौरान चिनहट की डूडा कॉलोनी में चेकिंग के दौरान वे पकड़ लिए गए। देर रात हुआ रितेश का अंतिम संस्कार पुलिस ने रितेश का शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद बुधवार देर शाम शव घर पहुंचा। पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कराया गया। इकलौते बेटे की हत्या से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। मां आरोपियों के खिलाफ सख्त सजा की मांग करती रहीं। प्रेम प्रसंग सहित अन्य बिंदुओं पर जांच इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एक युवक का परिजनों नामजद कराया है। उसकी तलाश जारी है, उसके पकड़े जाने पर कुछ साफ हो सकेगा। घटनास्थल को जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। यह देखा जा रहा है कि रितेश के साथ और कौन था? शुरुआती जांच में रंजिश सामने आ रही है। फिलहाल रुपए के लेनदेन, प्रेम प्रसंग सहित हर बिंदुओं पर जांच चल रही है। आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होंगे। ——————————- संबंधित खबर भी पढ़िए- लखनऊ में दोस्तों ने युवक की गला रेतकर हत्या की : वारदात से पहले शराब पार्टी, मैदान में मिली लाश; 2 हिरासत में लखनऊ में युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसकी खून से लथपथ लाश सुनसान मैदान में पड़ी मिली। मौके से शराब और कोल्ड ड्रिंक की बोतलें भी मिली हैं। आशंका जताई जा रही है कि दोस्तों ने ही शराब के नशे में युवक की हत्या की है। पुलिस 2 संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना चिनहट इलाके में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात हुई। (पूरी खबर पढ़िए)

Leave a Reply