DniNews.Live

देवरिया में 3,600 लीटर अवैध डीजल बरामद:दो लोगों पर जमाखोरी का मुकदमा दर्ज, डीएम दिव्या मित्तल के निर्देश पर कार्रवाई

देवरिया में पेट्रोलियम पदार्थों की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। रुद्रपुर तहसील ने अवैध रूप से संग्रहीत 3,600 लीटर डीजल बरामद किया है। इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। डीएम दिव्या मित्तल के निर्देश पर एसडीएम रुद्रपुर हरिशंकर लाल के नेतृत्व में एक टीम ने शुक्रवार को ग्राम जोगिया खुर्द में छापेमारी की। दोपहर करीब 1 बजे टीम ने वीरबहादुर यादव के पक्के मकान पर दबिश दी। यहां 15 प्लास्टिक ड्रमों में लगभग 3000 लीटर हाई स्पीड डीजल बरामद हुआ। कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए टीम ने 1 अन्य घर की तलाशी ली। यहां से दो ड्रमों में लगभग 550 लीटर डीजल और मिला। इस प्रकार, कुल 17 ड्रमों में रखा गया करीब 3550 लीटर डीजल जब्त किया गया। अचानक हुई इस छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया। पूर्ति निरीक्षक गुफरान रिन की तहरीर पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने रामानंद यादव पुत्र बिकाऊ यादव और वीरबहादुर यादव पुत्र महेश यादव, दोनों निवासी ग्राम जोगिया खुर्द, के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों पर पेट्रोलियम पदार्थों की अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी का आरोप है। रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। बरामद डीजल के स्रोत और इसके उपयोग के संबंध में भी पड़ताल जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *