देवरिया जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के खोराराम गांव के पास शुक्रवार शाम एक निजी शिक्षक का शव बगीचे में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में शोक व्याप्त हो गया। मृतक की पहचान रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र निवासी 28 वर्षीय पंकज विश्वकर्मा पुत्र स्व. सत्यदेव विश्वकर्मा के रूप में हुई है। पंकज एक निजी स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। उनकी शादी लगभग तीन महीने पहले 24 नवंबर 2025 को प्रियंका से हुई थी। जानकारी के अनुसार, पंकज शुक्रवार सुबह अपनी बाइक से घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। शाम करीब 5 बजे खोराराम गांव के पास बगीचे और खेत की ओर गए ग्रामीणों ने एक लावारिस बाइक खड़ी देखी। पास जाने पर उन्होंने हेलमेट पहने एक युवक का शव जमीन पर पड़ा पाया, जिससे ग्रामीण सकते में आ गए। ग्रामीणों ने तत्काल सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की और परिजनों को सूचित किया। परिवार के सदस्य घटना स्थल पर पहुंचे और शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। सदर कोतवाल राकेश राय ने बताया कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।

Leave a Reply