DniNews.Live

देवरिया में स्कूल निर्माण पर विवाद:जमीन का दायरा बढ़ाकर रास्ता बंद करने का आरोप, पुलिस ने शांत कराया हंगामा

जिला मुख्यालय के देवरिया खास मोहल्ले में बुधवार को एक विद्यालय और स्थानीय लोगों के बीच जमीन को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन अपनी भूमि का दायरा बढ़ाते हुए निर्माण कार्य करा रहा था, जिसका मोहल्ले के लोगों ने विरोध किया। लोगों का कहना है कि इस निर्माण से आम रास्ता बंद हो रहा है, जिससे आने-जाने में दिक्कतें पैदा होंगी। विवाद उस समय बढ़ गया जब निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और काम रुकवाने की मांग करने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में हंगामे में बदल गई। स्थिति बिगड़ती देख किसी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। इस दौरान काफी देर तक बहस और तनाव का माहौल बना रहा। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाल राकेश राय और क्षेत्राधिकारी सदर संजय रेड्डी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाते हुए कहा कि भूमि से संबंधित कोई भी कार्य नियमानुसार और राजस्व अभिलेखों के आधार पर ही किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना सही नाप-जोख और प्रशासनिक अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। करीब एक घंटे तक मौके पर हंगामा चलता रहा, जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप से स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सभी पक्षों को सुनकर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *