देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक सड़क हादसे में 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। वह गैस सिलेंडर लेने जा रहे थे। इस दुर्घटना में दो अन्य युवक-युवती भी घायल हो गए। खुटहा पटखौली निवासी केदार यादव (65) पुत्र स्व. श्यामदत्त यादव अपनी बाइक से तरकुलवा चौराहे पर गैस लेने जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन से उनकी बाइक की टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी हादसे में दूसरी बाइक पर सवार सकतुही थाना तरकुलवा निवासी निखिल (22) पुत्र संतोष और भारती (18) पुत्री हरिशचंद्र भी घायल हो गए। ये दोनों बाजार में कपड़े खरीदने जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को एंबुलेंस की मदद से देवरिया मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने केदार यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दोनों घायलों का इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने वृद्ध के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक केदार यादव किसान थे और उनके परिवार में पत्नी बरसाती देवी सहित अन्य सदस्य हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply