देवरिया के सुरौली थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच चोरी की मोटरसाइकिलें, पांच मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। पुलिस ने यह कार्रवाई वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर की। कुर्ना नाला, उसरा बाजार के पास से विवेक यादव, दिवाकर गुप्ता, आनंद निषाद और मनीष यादव को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक तलाशी में उनके पास से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें, पांच मोबाइल फोन और 4230 रुपए नकद बरामद हुए। पूछताछ के दौरान आनंद निषाद की निशानदेही पर तिवई स्थित एक ऑटोमोबाइल दुकान से दो और बाइकें बरामद की गईं। इस तरह पुलिस ने कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त की हैं, जिनमें स्प्लेंडर, सुपर स्प्लेंडर और बजाज पल्सर मॉडल शामिल हैं। बरामद कई बाइकों पर फर्जी नंबर प्लेट लगी मिली हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी के नेटवर्क में सक्रिय थे और चोरी के वाहनों को अलग-अलग नंबर प्लेट लगाकर बेचने या इस्तेमाल करने की फिराक में रहते थे। बरामद मोबाइल और नकदी भी चोरी की घटनाओं से संबंधित बताई जा रही है। पुलिस ने सुरौली थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और गिरोह के अन्य सदस्यों तथा चोरी के वाहनों की सप्लाई चेन की जांच में जुटी है।

Leave a Reply