DniNews.Live

देवरिया में मिशन शक्ति के तहत जागरूकता दौड़:नारी सुरक्षा और सम्मान का संदेश दिया गया, हेल्पलाइन नंबर बताए

देवरिया पुलिस लाइन में गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत एक जागरूकता दौड़ रैली का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और समाज को ‘नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन’ के प्रति जागरूक करना था। इस रैली में महिलाओं, बच्चियों, पुलिसकर्मियों और रिक्रूट आरक्षियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से समाज में महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। रैली का शुभारंभ क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी ने हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी आरटीसी दीपशिखा वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक उमेश कुमार बाजपेई और यातायात प्रभारी गुलाब सिंह सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। रिक्रूट महिला आरक्षियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत महिलाओं ने भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभाई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजन महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के समापन पर महिला सुरक्षा से संबंधित एक जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें साइबर हेल्पलाइन 1930, वूमेन पावर लाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, गर्भवती महिलाओं के लिए 102 और अग्निशमन सेवा 101 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। सत्र के दौरान महिलाओं को प्रारंभिक विधिक सहायता और सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रति भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रहेंगे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *