देवरिया जिले में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। भोर से शुरू हुई हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड बढ़ गई। इस बदलाव से किसानों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। इसी दौरान ईद की नमाज भी अदा की गई। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को न्यूनतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवाएं करीब 2 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं, जिनकी गति बढ़ने की संभावना जताई गई है। अचानक बदले मौसम का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ रहा है। जिन किसानों ने सरसों की कटाई कर ली है, उनकी फसल के भीगने से नुकसान की आशंका बढ़ गई है। वहीं, आलू की खेती करने वाले किसान भी परेशान हैं, क्योंकि खेतों में पानी भरने से फसल सड़ने का खतरा पैदा हो गया है। स्थानीय किसान मनोज कुमार ने बताया कि यदि बारिश के साथ तेज हवा चलती है, तो खेतों में खड़ी फसल गिर सकती है, जिससे भारी नुकसान होगा। किसानों ने प्रशासन से राहत और उचित व्यवस्था की मांग की है। मौसम में आए इस बदलाव से आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। लोग ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का सहारा लेते दिखे। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

Leave a Reply