देवरिया के सुरौली थाना क्षेत्र में नग्न अवस्था में मिले युवक के शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान उन्नाव जिले के बड़ा देव गांव निवासी रवि प्रकाश के रूप में हुई है। वह देवरिया के सोनूघाट स्थित एक केला पकाने वाली फैक्ट्री में कार्यरत था। रवि प्रकाश 28 मार्च की शाम अपने मालिक से हिसाब लेकर उन्नाव जाने की बात कहकर निकला था। हालांकि, वह अपने घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने जब मालिक से संपर्क किया तो उसने भी रवि के उन्नाव जाने की बात बताई। इसके बाद से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। 29 मार्च की सुबह पैकौली-सिसवां पांडेय भट्टजमुआंव मार्ग पर ग्रामीणों ने पुलिया के पास गेहूं के खेत में एक नग्न शव देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शरीर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। शव पूरी तरह लहूलुहान था और उसकी बाईं आंख भी गायब थी। इन निशानों को देखते हुए पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। प्रारंभिक जांच में यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की हत्या कहीं और करके शव को यहां फेंका गया है। घटनास्थल से डेढ़ किलोमीटर दूर खड़ंजा मार्ग पर युवक के कपड़े भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों से शिनाख्त कराई। मृतक के ससुर शिव बहादुर ने सुरौली थाना में अज्ञात के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले के खुलासे के लिए एसओजी सहित चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों ने जल्द ही इस घटना का खुलासा करने का दावा किया है।

Leave a Reply