देवरिया के सोनाड़ी मार्ग पर एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। इस दुर्घटना में उसकी पत्नी और मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बरहज थाना क्षेत्र के सोनाड़ी (बंगरौली) निवासी 36 वर्षीय सतेंद्र यादव रविवार शाम अपनी ससुराल गए थे। वहां से वह सोमवार को अपनी पत्नी गुड्डी और बेटे के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। सोनाड़ी के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सतेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। उनकी पत्नी और बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि यह परिवार पहले भी सड़क हादसे का दर्द झेल चुका है। मृतक के पिता रमाशंकर यादव अपने छोटे बेटे को पहले ही एक सड़क दुर्घटना में खो चुके थे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply