देवरिया में गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर रविवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा गौरी बाजार क्षेत्र के रामपुर चौराहे पर स्थित एसआर पेट्रोल पंप के पास हुआ। बाइक सवार युवक कट से मुड़ रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। घायलों की पहचान चिलौना गांव के मुंडेरा टोला निवासी निखिल चौहान (20) पुत्र इंदल चौहान, विशाल चौहान (21) पुत्र धर्मदेव चौहान और रोहित चौहान (18) पुत्र जितेंद्र चौहान के रूप में हुई है। ये तीनों रविवार को किसी काम से गौरी बाजार आए थे। लौटते समय, रामपुर चौराहे के पास पेट्रोल पंप पर तेल भराने के बाद तीनों एक ही बाइक से घर जा रहे थे। कट से मुड़ते समय देवरिया की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों और परिजनों ने तुरंत घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गौरी बाजार पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद निखिल को घर भेज दिया गया, जबकि विशाल का इलाज जारी है। सबसे गंभीर रूप से घायल रोहित चौहान को पहले देवरिया मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। प्रभारी निरीक्षक महेंद्र कुमार ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।

Leave a Reply