देवरिया शहर में बुधवार को टेंपो चालकों ने यातायात विभाग और पुलिसकर्मियों के खिलाफ सुभाष चौक चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। चालकों ने विभाग पर मनमानी, उत्पीड़न और अवैध चालान करने के गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शनकारी चालकों का आरोप था कि यातायात विभाग के कर्मचारी बिना किसी वैध कारण के उनके वाहनों का चालान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मरीजों को अस्पताल ले जाते समय भी टेंपो रोककर 10 से 15 हजार रुपये तक का चालान कर दिया जाता है, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है।
कुछ चालकों ने यह भी आरोप लगाया कि यातायात विभाग के दरोगा और पुलिसकर्मी उनके साथ मारपीट करते हैं। इन आरोपों के बाद चालक आक्रोशित दिखे और नारेबाजी करते हुए दोषी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी राकेश राय मौके पर पहुंचे और चालकों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, चालक अपनी मांगों पर अड़े रहे और दोषी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग दोहराते रहे। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और टेंपो चालकों के बीच धक्का-मुक्की हो गई, जिससे स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। करीब एक घंटे तक सुभाष चौक पर प्रदर्शन जारी रहा, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। बाद में अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। टेंपो चालकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द नहीं किया गया, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply