देवरिया जिले में रसोई गैस सिलेंडर की कमी से उपभोक्ता परेशान हैं। मांग के मुकाबले आपूर्ति कम होने के कारण गैस एजेंसियों पर अव्यवस्था का माहौल है। रविवार को सलेमपुर उपनगर स्थित अमन गैस एजेंसी पर इसी समस्या को लेकर विवाद हो गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पर पहुंचे थे। पर्ची कटाने और केवाईसी अपडेट कराने के लिए लंबी कतारें लग गईं, जिससे उपभोक्ताओं में बेचैनी बढ़ गई। ऑनलाइन बुकिंग में आ रही दिक्कतों के कारण अधिकांश लोग सीधे एजेंसी कार्यालय आ रहे हैं, जिससे भीड़ में इजाफा हुआ। इसी दौरान लाइन में आगे-पीछे होने को लेकर ग्राहकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एजेंसी परिसर में हंगामा होने लगा। कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी बन गया था। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी। हालांकि, उपभोक्ताओं में गैस की कमी को लेकर नाराजगी बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गैस की आपूर्ति पर्याप्त नहीं हो पा रही है। लोग सुबह से ही एजेंसियों के बाहर लाइन लगाकर खड़े हो जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ता है। इससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार करने और ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली को सुचारु बनाने की मांग की है, ताकि एजेंसियों पर भीड़ कम हो सके।

Leave a Reply