DniNews.Live

देवरिया में इंटर के छात्र की मौत:रात में कमरे में सोने गया था, सुबह फंदे से लटका मिला शव

देवरिया के बरहज थाना क्षेत्र में एक इंटर के छात्र का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना मंगलवार सुबह आजाद नगर मोहल्ले में हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान आजाद नगर निवासी 17 वर्षीय विशाल चौहान पुत्र प्रभुनाथ चौहान के रूप में हुई है। विशाल इंटर का छात्र था। सोमवार रात वह अपने कमरे में सोने गया था। मंगलवार सुबह करीब सात बजे तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आया, तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद आसपास के लोग भी जमा हो गए। दरवाजा तोड़ने पर विशाल का शव पंखे की कुंडी से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। परिजनों ने तुरंत रस्सी काटकर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि विशाल सुबह करीब चार बजे शौच के लिए बाहर गया था और उसके बाद वापस आकर कमरे में सो गया था। इसके कुछ समय बाद ही यह घटना सामने आई। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। बरहज थानाध्यक्ष विशाल उपाध्याय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *