देवरिया में अवैध क्लिनिक सील:स्वास्थ्य विभाग ने की कार्रवाई, संचालकों पर मुकदमा दर्ज होगा
![]()
देवरिया में अवैध क्लिनिक सील:स्वास्थ्य विभाग ने की कार्रवाई, संचालकों पर मुकदमा दर्ज होगा
देवरिया में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। शनिवार को डिप्टी सीएमओ डॉ. अश्वनी पाण्डेय के नेतृत्व में एक टीम ने न्यू कॉलोनी स्थित एक क्लिनिक को सील कर दिया। इसके संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में स्वास्थ्य विभाग की तीन सदस्यीय टीम ने न्यू कॉलोनी में संचालित क्लिनिक का निरीक्षण किया। यह क्लिनिक पहले ‘आविका क्लिनिक’ के नाम से जाना जाता था, जिसे हाल ही में बदलकर ‘तृषिका क्लिनिक’ कर दिया गया था। टीम ने मौके पर ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर और जनरल वार्ड का गहन निरीक्षण किया। वहां मौजूद कर्मचारियों सरिता यादव और खुशबू चौहान ने बताया कि क्लिनिक का नाम दो दिन पहले ही बदला गया था। जांच के दौरान टीम को कई अनियमितताएं मिलीं। सीएमओ के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा क्लिनिक के पैड पर फिजिशियन के रूप में डॉ. दयाशंकर राय का नाम दर्ज था, लेकिन मौके पर कोई भी वैध दस्तावेज या पंजीकरण प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया जा सका। दस्तावेजों के अभाव और अवैध संचालन की पुष्टि होने पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल क्लिनिक को सील कर दिया। डिप्टी सीएमओ डॉ. अश्वनी पाण्डेय ने बताया कि सीएमओ के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है और अवैध अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण और मानकों के संचालन करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। छापेमारी के दौरान टीम में अरुण शाही और सूरज सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित अन्य क्लिनिकों में हड़कंप मच गया है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
