DniNews.Live

देवरिया आरओबी पर मरम्मत कार्य शुरू:27 मार्च से 20 अप्रैल तक रूट डायवर्ट, 40 KM की दूरी तय करनी पड़ेगी

देवरिया में राष्ट्रीय राजमार्ग-727ए (गोरखपुर-देवरिया-सलेमपुर-मैरवा मार्ग) पर स्थित आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) पर मरम्मत कार्य शुरू हो रहा है। इसके चलते 27 मार्च से 20 अप्रैल तक यातायात व्यवस्था में आंशिक बदलाव किया जाएगा। यह ओवरब्रिज देवरिया को गोरखपुर से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जिसे पहले स्टेट हाईवे के रूप में जाना जाता था और बाद में राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा मिला। मरम्मत कार्य के तहत देवरिया सदर रेलवे स्टेशन के ऊपर बने इस आरओबी पर वियरिंग कोट और एक्सपेंशन ज्वाइंट की मरम्मत की जाएगी। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने बताया कि कार्य को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग की एक संयुक्त टीम ने स्थल निरीक्षण किया है। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों का निर्धारण किया गया है। सलेमपुर से आने वाले वाहनों के लिए रूट
डायवर्जन योजना के अनुसार, सलेमपुर की ओर से आने वाले सभी वाहनों को रूद्रपुर मोड़ से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन रामचक, रूद्रपुर बाइपास, दुग्धेश्वर नाथ मंदिर और रामलक्षन मार्ग होते हुए गौरीबाजार के रास्ते गोरखपुर की ओर जा सकेंगे। हालांकि, गोरखपुर से आने वाले वाहन देवरिया आरओबी से होकर देवरिया शहर, सलेमपुर और अन्य क्षेत्रों की ओर पहले की तरह जा सकेंगे। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन रूट का पालन करें और यात्रा के दौरान सावधानी बरतें। अनावश्यक रूप से आरओबी क्षेत्र में जाने से बचें ताकि मरम्मत कार्य में बाधा न आए और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद इस मार्ग पर यातायात पहले से अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगा। नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की गई है ताकि कार्य समय पर पूरा हो सके और बेहतर सुविधा मिल सके। 40 किलोमीटर तय करनी पड़ेगी दूरी देवरिया आरओबी पर मरम्मत कार्य के चलते अब लोगों को करीब 15 किलोमीटर की सीधी दूरी तय करने के बजाय लगभग 40 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ेगा। डायवर्जन लागू होने से खासकर सलेमपुर से गोरखपुर की ओर जाने वाले वाहन चालकों को लंबा रूट अपनाना होगा। इससे समय और ईंधन दोनों की खपत बढ़ेगी, जिससे आम लोगों की परेशानी भी बढ़ सकती है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *