दुष्कर्म आरोपी पर 23 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं:सुल्तानपुर में पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, जांच का मिला आश्वासन
![]()
दुष्कर्म आरोपी पर 23 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं:सुल्तानपुर में पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, जांच का मिला आश्वासन
सुल्तानपुर के जयसिंहपुर क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के 23 दिन बीत जाने के बाद भी स्थानीय पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक (SP) से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता, जिसका नाम अनीता (परिवर्तित नाम) है, मूल रूप से रायबरेली की निवासी है और सुल्तानपुर में एक निजी संस्था में कार्यरत है। उसने आरोप लगाया है कि उसकी मुलाकात कुछ समय पहले जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के लबदेहा बरौंसा निवासी अमरनाथ प्रजापति से हुई थी। पीड़िता के अनुसार, 14 मार्च को वह अपने काम के सिलसिले में सेंटर के लिए कमरा देखने आरोपी के पास गई थी। देर होने पर जब उसने आरोपी से उसे ऊघरपुर चौराहे तक छोड़ने को कहा, तो रास्ते में सुनसान जगह देखकर आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने और बदनाम करने की धमकी भी दी। शिकायती पत्र में पीड़िता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि घटना की सूचना थाने में देने के बावजूद अब तक आरोपी के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं हुई है। क्षेत्राधिकारी (CO) ने न तो पीड़िता का बयान लिया और न ही घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना के 23 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई सक्रियता नहीं दिखाई गई। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए पत्र में मांग की है कि आरोपी अमरनाथ प्रजापति के विरुद्ध तत्काल मुकदमा पंजीकृत किया जाए और उसका मेडिकल परीक्षण कराते हुए उसे उचित न्याय दिलाया जाए। एसपी ने पीड़िता को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
