लखीमपुर खीरी के दुधवा नेशनल पार्क के शीतलापुर वन चौकी क्षेत्र में पिछले दो दिनों से जंगल में आग लगी हुई है। इस आग की चपेट में साखू, सागौन और यूकेलिप्टस के कई पेड़ आ गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार सुबह आग तेजी से फैलने लगी। आग और धुएं के कारण जंगल में मौजूद बाघ, तेंदुआ, भालू, जंगली सुअर, हिरन और चीतल जैसे वन्यजीव सुरक्षित स्थानों की ओर भागते देखे गए। जमीन पर रहने वाले कीड़े-मकोड़ों और छोटे जीवों पर भी इसका गंभीर असर पड़ा है। स्थानीय वन्यजीव प्रेमियों ने आग पर जल्द से जल्द काबू पाने की मांग की है। उनका आरोप है कि हर वर्ष फायर सीजन के दौरान वन विभाग द्वारा अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की जाती है, लेकिन इसके बावजूद समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं हो पाता है। इस संबंध में रेंजर भूपेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि आग बुझाने के लिए वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही स्थिति पर काबू पा लिया जाएगा।

Leave a Reply