सिटी रिपोर्टर | गोपालगंज दिघवा दुबौली में बुधवार को जीविका दीदियों द्वारा महिला उत्पीड़न रोकने और लिंग आधारित हिंसा पर अंकुश लगाने को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद करने का संदेश दिया गया। दीदियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारे लगाए। रैली प्रखंड मुख्यालय से शुरू होकर स्टेशन रोड, ब्लॉक रोड, खादी भंडार रोड, डाक बंगला रोड एवं थाना रोड होते हुए पुनः प्रखंड परिसर पहुंची। रैली में जीविका परियोजना के अधिकारी भी शामिल थे, जिन्होंने लोगों से इस जागरूकता अभियान का हिस्सा बनने की अपील की। प्रखंड मुख्यालय पहुंचने के बाद नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, महिला शोषण जैसी सामाजिक बुराइयों को खत्म करने पर जोर दिया। अधिकारों के प्रति सजग रहने की सलाह इस दौरान महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, आवश्यक होने पर हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने और प्रशासन को तुरंत सूचना देने की सलाह दी गई। सभा में वक्ताओं ने कहा कि समाज में वास्तविक बदलाव तभी आएगा जब हर नागरिक इन मुद्दों को गंभीरता से समझकर कार्रवाई करेगा। उन्होंने बताया कि जीविका समूह महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ही सामाजिक मुद्दों पर जागरूक करने में भी अहम भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम में सामुदायिक समन्वयक धर्मेंद्र कुमार, अस्मिता कुमारी, सीएम संतोष कुमार, कमलावती देवी, अध्यक्ष जानकी देवी सहित कई जीविका दीदियां उपस्थित रहीं। सभी ने इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
https://ift.tt/OXzaA6t
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply