औरैया के दिबियापुर स्थित लहोखर गांव की एक युवती की दिल्ली में सड़क हादसे में मौत हो गई। वह दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा के मेडिकल परीक्षण के लिए गई थी। युवती की दो दिन बाद सोमवार को गोद भराई होनी थी। मृतका की पहचान लहोखर गांव निवासी विजय सिंह यादव की बेटी रूपल यादव के रूप में हुई है। रूपल दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा पास कर चुकी थी और 20 मार्च को उसका मेडिकल परीक्षण निर्धारित था। शुक्रवार सुबह रूपल ऑटो से परीक्षा केंद्र जा रही थी, तभी एक अनियंत्रित बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार में मातम छा गया है। रूपल अपने चार बहनों और एक भाई में तीसरे नंबर पर थी। गांव में भी शोक का माहौल है।

Leave a Reply