बांदा में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक महिला को उसकी मासूम बेटी के साथ ससुराल से निकाल दिया गया। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। पैलानी थाना क्षेत्र के पैलानी डेरा निवासी ललिता की शादी 16 मई 2023 को जसपुरा थाना क्षेत्र के बड़ाखोड़ के मजरा गड़रिया निवासी संजय से हुई थी। ललिता ने महिला थाने में दी गई तहरीर में बताया कि शादी में उसके परिजनों ने लगभग 4 लाख रुपये खर्च किए थे और दहेज में नकद व गृहस्थी का सामान भी दिया था। शादी के बाद एक बेटी का जन्म हुआ, लेकिन ससुराल पक्ष की दहेज की मांगें कम नहीं हुईं। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति मुंबई में काम करता है और वहीं से उस पर मायके से पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाता था। पिता द्वारा पैसे न दिए जाने पर उसका मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न शुरू कर दिया गया। 13 जनवरी 2025 को पति और सास ने मिलकर ललिता को बेरहमी से पीटा और बेटी के साथ उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता ने बताया कि पति ने उसे धमकी दी कि अगर पैसे नहीं लाए तो वह दूसरी शादी कर लेगा और 10 लाख रुपये दहेज में लेगा। महिला ने अपने पति पर किसी अन्य महिला से संबंध होने का आरोप भी लगाया है। महिला थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply