बलरामपुर में दहेज की मांग से परेशान एक विवाहिता ने खुद को आग लगाकर जान दे दी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। तुलसीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम काशीराम मनकौरा में दहेज प्रताड़ना से तंग आकर शीला यादव नाम की विवाहिता ने 28 मार्च 2026 की शाम करीब 4:30 बजे खुद को आग लगा ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के पिता विजय यादव, निवासी ग्राम चोरघटिया, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब आठ वर्ष पहले उन्होंने अपनी बेटी शीला की शादी सूरज यादव से की थी। तीन वर्ष पूर्व गौना होने के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। रिश्तेदारों के समझाने पर दोबारा ससुराल भेजा पिता के अनुसार, दहेज की मांग पूरी न होने पर शीला के साथ मारपीट की जाती थी और कई बार उसे घर से निकाल दिया गया। प्रताड़ना से परेशान होकर वह करीब तीन महीने तक मायके में रही, लेकिन रिश्तेदारों के समझाने पर उसे दोबारा ससुराल भेज दिया गया था। घटना वाले दिन भी पति सूरज यादव और ससुर कृष्णा यादव द्वारा प्रताड़ित किए जाने के बाद शीला ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पिता की शिकायत पर थाना तुलसीपुर में मुकदमा दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 108 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर दोनों आरोपियों सूरज यादव और कृष्णा यादव को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply